: एसडीएम ने किया हाईस्कूल इरफ का निरीक्षण, दो शिक्षक मिले अनुपस्थित
Thu, Dec 21, 2023
कोरबा 21 दिसंबर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के निर्देश पर एसडीएम पाली रूचि शार्दुल ने आज शासकीय हाईस्कूल इरफ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य एन.एन.इशाक और व्याख्याता नारायण प्रसाद देवांगन बिना अनुमति के अनुपस्थित मिले। दोनों को नोटिस जारी किया गया है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की कक्षा लेकर शिक्षकों द्वारा कराए जाने वाले अध्ययन के विषय में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर पोड़ी-उपरोड़ा द्वारा प्राथमिक शाला बांधापारा, लेपरा और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। जनपद सीईओ यशपाल सिंह कटघोरा द्वारा प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला विजयपुर और आंगनबाड़ी केंद्र जेंजरा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले। उन्होंने स्कूलों में दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की। आंगनबाड़ी केंद्र में पूरक पोषण आहार सहित बच्चों की उपस्थिति की जांच की गई। इसी तरह जनपद पंचायत पाली के सीईओ भूपेंद्र कुमार सोनवानी द्वारा प्राथमिक शाला सैला का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में प्रधानपाठक मनमोहन डिक्सेना अनुपस्थित पाए गए।
: बुधराम का बन रहा पक्का मकान, बारिश में अब नहीं होना पड़ेगा परेशान
Thu, Dec 21, 2023
कोरबा 20 दिसम्बर 2023/ मजदूरी का काम करने वाले बुधराम अघरिया का सपना था कि उसका भी कोई पक्का मकान हो, ताकि बारिश के दिनों में उनके परिवार को परेशान न होना पड़े। मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करनेे वाले बुधराम को जब जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत उनका नाम भी आवास के लिए चयनित किया गया है तो उन्हें बहुत खुशी हुई। अपना नाम आवास के लिए चयनित होने के पश्चात् उन्होंने जनपद के अधिकारियों से संपर्क किया। अब खाते में राशि मिलने के पश्चात् बुधराम अपने पक्का मकान का सपना पूरा कर रहा है। बुधराम अपने बेटे के साथ अपनी ही देखरेख में पक्का मकान का निर्माण करा रहा है। जल्दी ही घर बन जाने से उनकी परेशानी दूर हो जाएगी।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम मोरगा के जूनापरा में रहने वाले बुधराम अघरिया ने बताया कि गरीबी की वजह से पक्का मकान का सपना उसके लिए महज एक सपना ही था। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह एक दिन पक्का मकान बना लेगा। बुधराम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राही के रूप में उनका नाम आने के पश्चात् उन्हें आवास निर्माण के लिए राशि बैंक खाते में प्राप्त हुई। राशि मिलने के पश्चात् वह अपना मकान बना रहा है। कुछ दिनों के भीतर घर पूरी तरह से बन जाएगा और वे अपने परिवार के साथ पक्के मकान में शिफ्ट हो जाएंगे। बुधराम ने बताया कि वे वर्तमान में कच्चे मकान में निवास करते हैं। मकान कच्चा होने की वजह से बारिश में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खपरे से भी पानी नीचे टपकने से बिस्तर भीग जाते थे। अब पक्का मकान बनने से उनकी यह समस्या दूर हो जाएगी। बुधराम ने प्रधानमंत्री आवास बनाए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 14 दिसंबर को प्रथम कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 18 लाख आवास बनाने का निर्णय भी लिया गया है।
: प्रधानमंत्री उज्जवला योजना महिलाओं के सशक्तिकरण में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका
Thu, Dec 21, 2023
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना में गरीब महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिये जा रहे हैं। घरेलू रसोई गैस मिल जाने से महिलाओं को भोजन बनाने में सहूलियत होने लगी है। पहले चूल्हे पर भोजन बनाने में लकड़ी व कंडों को जलाना पड़ता था जिससे चूल्हे से बहुत धुंआ निकलता था, इससे महिलाओं की आंखों में जलन होती थी और भोजन बनाने में भी दिक्कत होती थी। लेकिन अब विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के माध्यम से कुमारी देवी जैसी महिलाओं की यह चिंता दूर हो रही है।
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पुटपुरा में रहती है कुमारी देवी यादव। वह सुबह से लेकर शाम तक चुल्हे पर खाना बनाने मे ही लगी रहती थी। जिससे उनका बहुत समय यूहीं बरबाद हो जाता था, तो वहीं दूसरी ओर चुल्हे से उठने वाले धुएं उनकी आंख को कमजोर कर रहा था। यही नहीं धुंए से उनके घर की रंगत भी धीरे-धीरे खराब हो रही थी। इन सब परेशानियों से जुझती हुई कुमारी देवी यादव ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले गैस कनेक्शन को लेकर आवेदन दिया था। आवेदन उपरांत उन्हें योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल किया गया और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन दिया गया। ग्राम पंचायत पुटपुरा की निवासी कुमारी देवी यादव बताती हैं कि सरकार की उनकी जो तमन्ना थी वह इस कार्यक्रम के माध्यम से पूरी हो गई। वह सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना को महिलाओं के लिए बहुत अच्छी बताती है। उनका कहना है कि इस योजना से महिलाओं को धुंआ से छुटकारा मिला है, पहले जहां चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी इकट्ठी करने की चिंता करनी पड़ती थी। धुंआ आंखों में चला जाता था और आंखों में जलन होती थी। अब गैस मिल जाने से आंखों में बहुत आराम है और भोजन भी अच्छे से और समय पर बन जाता है। उन्होंने सरकार की हितैषी योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।