: पुलिस के प्रति अपराधियों के मन में डर और आम जनता में सम्मान हो - सीएम साय
Mon, Feb 12, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - पुलिस विभाग की छवि से ही सरकार की छवि बनती है। इसलिये पुलिस अधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें और जिस विश्वास से जिम्मेदारी दी गई है उसका कड़ाई से पालन करें। अपराध , नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर हमारी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। पुलिस निष्पक्ष और निर्विवाद तरीके से काम करे। अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा, अवैध उत्खनन पर कड़ी कार्रवाहई करें , अगर इसकी बार-बार शिकायत आई तो जिम्मेदारी जिले के पुलिस कप्तान की होगी। अपराधों पर लगाम नहीं लगी तो संबंधित जिले के पुलिस कप्तान पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जायेगी। पुलिस को लेकर अपराधियों के मन में डर और आम जनता के मन में सेना की तरह सम्मान होना चाहिये। पुलिस का व्यवहार अपराधियों के लिये कठोर और आमजनों के लिये उतना ही नम्र एवं मृदु होना चाहिये।
उक्त बातें छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग की बड़ी बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में आयोजित पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के सम्मेलन में कड़े निर्देश देते हुये कही। उन्होंने आगे कहा कि अवैध शराब , जुआ , सट्टा जैसी सामाजिक बुराईयां समाज को अंदर तक खोखला कर देती हैं। जब युवा इससे प्रभावित होते हैं तो यह सर्वाधिक चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुये कहा कि यदि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम नहीं लगेगी तो ना केवल संबंधित जिले के पुलिस कप्तान बल्कि थाना स्तर के पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जायेगी।सीएम साय ने कहा कि पुलिस विभाग अनुशासित विभाग है , पुलिस अधिकारियों में यह अनुशासन दिखना चाहिये। जो अंततः अनुशासित और अपराध मुक्त समाज की स्थापना में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने पीएम मोदी की दंड से न्याय की ओर की संकल्पना को स्थापित करने के लिये किये जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुये कहा कि नये कानून समयबद्ध तरीके से लागू हाे , यह सुनिश्चित किया जाये। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के माओवाद प्रभावित क्षेत्र में हमारे जवान कठिन परिस्थितियों में उनका डटकर मुकाबला कर रहे हैं।उन्होंने संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर मोर्चे पर पुलिसकर्मियों के साथ खड़ी है और उनके सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।पुलिस के कल्याण के लिये सभी जरूरी कदम उठाये गये हैं। समय पर पदोन्नति, आवास, जरूरी अधोसंरचना सहित संसाधनों की आपूर्ति के लिये हमने व्यवस्थायें की है , इसे आगे भी जारी रखेंगे। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट का उल्लेख करते हुये कहा कि इस बजट में पुलिस विभाग के लिये बड़ी राशि आवंटित की गई है , यह बजट कानून का राज स्थापित करने में निर्णायक साबित होगा।छग को शांति के टापू के रूप में करेंगे स्थापित - विजय शर्मासम्मेलन में उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय सरकार के पहले बजट में गृह विभाग को काफी कुछ मिला है। पिछले वर्ष के बजट की तुलना में गृह विभाग के बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस बजट में नक्सल ऑपरेशन में जाने वाले जवानों के लिये राशन का बैग और स्पाईक रेसिस्टेंट शूज का प्रावधान किया गया है . इससे अब नक्सल ऑपरेशन में जाने वाले जवानों को सुविधा होगी। पुलिस विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों की सुविधाओं में वृद्धि के लिये भी इस बजट में प्रावधान किये गये हैं। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री के हृदय में बड़े अधिकारी से लेकर आरक्षक तक के अधिकारी के लिये समान रूप से संवेदना है। हम सबका कर्तव्य है कि अपराध तो अपराधी को जल्द से जल्द पकड़ लें। डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि समाज में वातावरण बने कि अपराध ही ना हो और इसी लक्ष्य के साथ अधिकारियों को अपने दायित्वों का पालन करना चाहिये। उन्होंने कहा कि पुलिस का कप्तान यह ठान ले कि जिले में अपराध ना हो, नशे का व्यापार ना हो तो वह बिल्कुल नहीं होगा। छत्तीसगढ़ शांति का टापू था , इसे हम फिर से शांति के टापू के रूप में स्थापित करेंगे। इस सम्मेलन में पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने स्वागत उद्बोधन दिया और पुलिस विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। सम्मेलन के अंत में ग्रुप फोटोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान कृषि मंत्री राम विचार नेताम , विधायक अमर अग्रवाल , प्रबोध मिंज , मुख्य सचिव अमिताभ जैन , अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ , अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिमांशु गुप्ता , प्रदीप गुप्ता , एसआरपी कल्लुरी , विवेकानंद सिन्हा , अमित कुमार गुप्ता , मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद , राहुल भगत , डॉ. बसवराजू एस. सहित छत्तीसगढ़ के सभी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
: नाचा एसोसिएशन सचिव की उपस्थिति में व्याख्यानमाला का आयोजन संपन्न
Mon, Feb 12, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - साहित्य एवं भाषा अध्ययनशाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के पाणिनि सभाकक्ष में एक दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता - श्रीमति मिनल मिश्रा सचिव नाचा एसोसिएशन, नार्थ अमेरिका रही। जिन्होंने अपने व्याख्यान में छतीसगढ़ी नाचा एसोसिएशन का परिचय देते हुये छत्तीसकोश एप की जानकारी दी। इस एप में छत्तीसगढ़ी की विभिन्न बोलियों को और बाल साहित्य को शामिल करने के प्रयास किया जा रहा है। साथ ही छत्तीसगढ़ी के विद्यार्थियों को इस एप से संबंधित कोई भी सुझाव एवं एप की समृद्धि के लिये आगे काम करने का प्रस्ताव रखा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये अध्यक्ष साहित्य एवं भाषा अध्ययनशाला प्रो शैल शर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य की दिशा में इस प्रयास की सराहना की और विद्यार्थियों को अच्छा कार्य करने की सलाह दी। कार्यक्रम में साहित्य एवं भाषा अध्ययनशाला के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मघुलता बारा , डा. सोनल मिश्रा, डॉ. कुमुदनी घृतलहरे , डॉ. विभाषा मिश्रा , डॉ. मृणालिनी करमोकर , डॉ बरातु सहित विभाग के विद्यार्थियों अधिक संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विभाग के शिक्षक डॉ. कौस्तुभ मणि द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर विभाग के द्वारा श्रीमति मीनल मिश्रा का छत्तीसगढ़ी पुतरी की माला और छत्तीसगढ़ी कला के प्रतीक चिन्ह तथा शॉल से सम्मान भी किया गया।
: नवपदस्थ एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने किया पदभार ग्रहण
Mon, Feb 12, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टसक्ति - जिले की नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व उन्हे गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात उनके द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी मीटिंग ली गई , जिसमे थाना प्रभारियों से उनके थाने में घटित अपराधों के संबंध में जानकारी ली गई। एसपी सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सभी बेसिक पोलिसिंग पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस का अपराधियों में खौफ हो और जनता में शांति व्याप्त रहे , सभी बेहतर कार्य करें।इसके बाद नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सक्ति और थाना सक्ति का निरीक्षण कर प्रभारी को आवश्यक निर्देश प् दिया गया। इस दौरान एएसपी गायत्री सिंह , डीएसपी अंजली गुप्ता , प्रोब डीएसपी चंद्रहास , रक्षित निरीक्षक उमेश राय सहित सभी थाना प्रभारी कार्यालय के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। गौरतलब है कि आईपीएस सुश्री अंकिता शर्मा वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। बेसिक ट्रेनिंग के बाद इन्होंने बतौर ट्रेनिंग पोस्टिंग जिला बलौदाबाजार में कार्य किया। इसके बाद रायपुर में सीएसपी आजाद चौक रायपुर में उन्हें पहली पोस्टिंग मिली , जहां सेवा करने बाद एडिशनल एसपी नक्सल ऑपरेशन जगदलपुर में पोस्टिंग होने पर इन्होंने नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में महिला अधिकारी होने के बाद भी बेहतरीन कार्य किया और कई मौकों पर वहां के जंगलों में टीम का नेतृत्व किया। इसके बाद सितंबर 2022 में इन्हे पुलिस अधीक्षक के रूप में अहम पोस्टिंग नवीन जिला खैरागढ़ के प्रथम पुलिस अधीक्षक के रूप में हुई , जहां इन्होंने अपनी सेवायें देकर जिला सक्ति के पुलिस अधीक्षक अधीक्षक के पद पर पदस्थ हुई है।आज करेंगी प्रेस कांफ्रेंसनवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा कल गुरूवार को दोपहर साढ़े बारह बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के पत्रकारों से प्रेस कांफ्रेंस करेंगी।