: विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम हेतु मुख्य अतिथियों के नाम घोषित
Tue, Aug 8, 2023
रायपुर - राज्य सरकार द्वारा 09 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस को छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है , जिसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
मंत्रालय सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि नामांकित किये गये हैं। मुख्य अतिथियों में मुख्यमंत्री , अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा , मंत्रीगण , संसदीय सचिवों , विधायकों के नाम शामिल किये गये हैं। नामांकित नामों के अनुसार विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरगुजा और बस्तर में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत , बिलासपुर जिले में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू , दुर्ग जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास रविन्द्र चौबे , कबीरधाम (कवर्धा) में वन एवं परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। रायपुर में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया , सुकमा में उद्योग मंत्री कवासी लखमा , कोरबा में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल , बालोद जिले में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया , कोण्डागांव में आदिम जाति कल्याण मंत्री मोहन मरकाम , रायगढ़ जिले में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुंगेली जिले में ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार , बलरामपुर-रामानुजगंज में संसदीय सचिव चिन्तामणी महाराज , महासमुन्द में संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव , बेमेतरा जिले में संसदीय सचिव गुरूदयाल सिंह बंजारे , कांकेर जिले में संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी , कोरिया जिले में संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े , मोहला-मानपुर- अम्बागढ़ चौकी जिले में संसदीय सचिव इन्द्रशाह मंडावी , बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में संसदीय सचिव चन्द्रदेव प्रसाद राय , राजनांदगांव जिले में विधायक दलेश्वर साहू विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी प्रकार गरियाबंद जिले में विधायक अमितेष शुक्ल , सक्ती जिले में विधायक रामकुमार यादव , गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में विधायक के.के. ध्रुव , मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी- भरतपुर जिले में विधायक गुलाब कमरो विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। जशपुर जिले में विधायक विनय कुमार भगत , धमतरी जिले में विधायक डॉ. श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव , दंतेवाड़ा जिले में विधायक देवती कर्मा , नारायणपुर जिले में विधायक चंदन कश्यप , सूरजपुर जिले में विधायक प्रेमसाय सिंह टेकाम , खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में विधायक यशोदा वर्मा , सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े और बीजापुर जिले में विधायक विक्रम मण्डावी विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
: बिलासपुर आईजी ने विभिन्न विषयों की समीक्षा कर दिये कई महत्वपूर्ण निर्देश
Tue, Aug 8, 2023
बिलासपुर - पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ० आनंद छाबड़ा द्वारा रेंज अंतर्गत जिला बिलासपुर , कोरबा , जांजगीर-चाम्पा , मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली गई। जिसमें आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिलों में होने वाले व्हीव्हीआईपी./व्हीआईपी. के प्रवास के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने सहित जिले में लंबित महिला व बच्चों संबंधी लंबित अपराधों , लघु अधिनियम व प्रतिबंधक कार्यवाही , समंस-वारंट की तामिली , निगरानी और गुण्डा-बदमाश आदि विषयों की समीक्षा की गई तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिलों में की गई लघु अधिनियम व प्रतिबंधक कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुये अवैध शराब , जुआ-सट्टा एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त कार्यवाही किये जाने सहित लंबित गैर जमानती और स्थायी वारंटों की तामिली अभियान चलाकर किये जाने निर्देशित किया गया। जिलों में समंस/वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित कराने , आदतन अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों को चिन्हांकित कर उन पर प्रभावी कार्यवाही किये जाने एवं उनकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस की क्षेत्र में प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम जनजीवन को प्रभावित करने वाले तत्वों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही किये जाने निर्देशित किया गया। महिला , बच्चों एवं कमजोर वर्ग के मामलों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्यवाही किये जाने तथा आम जनता की रिपोर्ट और शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही किये जाने सहित लंबित अपराधों की समीक्षा की जाकर समयबद्ध निराकरण किये जाने निर्देशित किया गया। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ सीमा से लगे दीगर राज्य के जिलों के साथ भी अपराधियों व असामाजिक तत्वों की जानकारी साझा करते हुये आपसी समन्वय कर कार्यवाहियां करते हुये अवैधानिक कार्यों पर अंकुश लगाये जाने निर्देशित किया गया। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संतोष कुमार सिंह , पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा विजय अग्रवाल , पुलिस अधीक्षक मुंगेली चंद्रमोहन सिंह , पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही योगेश कुमार पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा अभिषेक वर्मा उपस्थित थे।
: बी.सी.सखी के रूप में कार्य करके पवनरेखा को मिली अलग पहचान
Tue, Aug 8, 2023
कोरबा 07 अगस्त 2023/बदलते परिवेश एवं भाग दौड़ के इस समय में बैंक में वित्तीय लेनदेन का दबाव बढ़ा है साथ ही आमजनों को बैंक से वित्तीय लेनदेन में परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। ऐसे मे बीसी सखी (बैंकिग कोरेस्पोंडेंट एवं डिजि-पे दीदी) ग्रामीण क्षेत्रो में बैकिंग सुविधाए उपलब्ध करा रही है। बीसी सखी द्वारा दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों, वनांचलों ग्रामीण क्षेत्रो में सेवा भावना से लोगों के घर-घर जाकर दिव्यांग, वृद्धा एवं असहाय लोगो को पेंशन भुगतान के साथ ही ग्रामीणों को मनरेगा मजदूरी भुगतान, किसान सम्मान निधि योजना, समस्त पेंशन योजना, बीमा योजना आदि की राशि समय पर प्रदान की जा रही है।
ग्रामवासियों को पैसो के लेनदेन में अनावश्यक परेशानी न हो इस बात को ध्यान मे रखते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत गठित स्वसहायता समूह की महिलाओं को बैंक सखी के रूप में नियुक्त कर उन्हें इस कार्य के लिए प्रशिक्षित किया गया है। बैंक सखी बायोमीट्रिक डिवाइस, एंड्राइड फोन के साथ गांव-गांव जाकर मोबाईल बैंकिंग यूनिट के रूप में अपनी सेवाएं दे रही है। बैंक सखी की नियुक्ति से लोगों को छोटी-छोटी राशियों के लेन-देन के लिए बार-बार बैंक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। इससे आम लोगों के बैंक आने-जाने में लगने वाले समय एवं धन की बचत होने के साथ ही बैंकों पर पड़ने वाले दबाव में भी कमी आई है। साथ ही बैंक सखी की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा की राशि भुगतान, वृद्धा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं बैंक खातों के माध्यम से होने वाले अन्य मजदूरी भुगतान में तेजी तथा नियमितता आई है।
विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत नकटीखार की श्रीमती पवनरेखा राठिया राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान योजना अन्तर्गत बी.सी. सखी के रूप में काम कर रही है। बी.सी.सखी के रूप में कार्य करके पवनरेखा को अलग पहचान मिली है और उसे लोग बैंक वाली दीदी कहकर बुलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह मुस्कान स्वसहायता समूह की सदस्य है एवं पिछले 03 साल से बैंक सखी का कार्य कर रही है। पहले उनकी दिनचर्या कृषि कार्य और अपने रोजी-मजदूरी तक ही सीमित थी। अब वह बैंक सखी के रूप में नकटीखार करूमौहा, आंछीमार, बुन्देली, भुल्सीडीह, सिमकेंदा, सोल्वा, पसरखेत, मुढुनारा, लबेद, बताती, गेराव, कल्गामार, देवपहरी, लेमरू सहित अन्य पंचायतों में अपनी सेवाएं देतीं हैं। ऑनलाइन रूपए ट्रांसेक्शन के साथ ही सभी समूह की महिलाओं को ऑनलाइन पैसे ट्रांसेक्शन एवं कैशलेस की भी जानकारी देती है। उन्होंने बताया कि इस कार्य को करने के लिए जिला पंचायत के द्वारा आरसेटी में एक माह का प्रशिक्षण भी दिया गया है। पवनरेखा ने बीसी सखी के रूप में अब तक 82 लाख 62 हजार 520 रूपए का वित्तीय लेनदेन किया है, जिससे उन्हें लगभग 01 लाख रूपए तक की आमदनी प्राप्त हुई है।
वर्तमान में वह आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में विशेष रूप से योगदान दे रही हैं। साथ ही अपने बच्चों की पढ़ाई अच्छे स्कूल में करा पा रही है। आर्थिक बढोत्तरी के अलावा सामाजिक क्षेत्रों में भी सशक्त होकर दूसरों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन रही है और परिवार में उनका सम्मान बढ़ गया है। पवनरेखा ने छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान जैसे योजना से आज मैं अपनी अलग पहचान बनाकर अपने पैरों पर खड़ी हूं।