: छग विधानसभा में विपक्ष की सशक्त भूमिका निभाएगी कांग्रेस : डॉ. महंत
Tue, Dec 19, 2023
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के द्वारा डॉ. चरणदास महंत को छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए नेता प्रतिपक्ष बनाया है। उक्ताशय का पत्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जारी किया है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष व सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत को छग विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर प्रदेश भर के कांग्रेसियों सहित कोरबा लोकसभा व सक्ती विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हर्ष जताते हुए कहा कि भारत सरकार में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सहित लोकसभा व विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले डॉ. चरणदास महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से विपक्ष अपनी मजबूत भूमिका विधानसभा में निभाएगा। डॉ. महंत के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ज्वलंत विषयों पर कांग्रेस के विधायक अपनी बात पुरजोर तरीके से रख सकेंगे। डॉ. महंत के अनुभव का पूरा-पूरा लाभ नेता प्रतिपक्ष के तौर पर निश्चित ही सदन को प्राप्त होगा। डॉ. महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से प्रदेश भर के कांग्रेस संगठन और कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। डॉ. महंत ने नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस के यूपीए की चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित छग विधानसभा के निर्वाचित कांग्रेस के सदस्यों के प्रति आभार जताया है।
----------
: भागवत कथा श्रवण करने पहुंचीं सांसद ज्योत्सना महंत
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा। वासन परिवार द्वारा घंटाघर ओपन थिएटर कोरबा में आयोजित हो रहे श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत भी शामिल हुई।
सांसद ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यासपीठ से भागवत भगवान एवं कथाचार्य पवन कृष्ण गोस्वामी से आशीर्वाद लिया। सांसद का व्यासपीठ से सम्मान किया गया। इसके पश्चात सांसद ने श्रोताओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया। सांसद ने इस अवसर पर कहा कि श्रीमद भागवत कथा का आयोजन समय-समय पर होते ही रहना चाहिए। इससे धार्मिक भावना और प्रबल होने के साथ-साथ वर्तमान पीढ़ी को अपने आराध्यों को जानने और जुडऩे का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने भागवत कथा आयोजन के लिए वासन परिवार को साधुवाद भी दिया। इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व महापौर श्रीमती रेणु अग्रवाल, वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उषा तिवारी भी सांसद के साथ उपस्थित रहे।
: मानव सेवा मिशन ने जरूरतमंद, बेघर, बेसहारा लोगों को वितरित किये कंबल
Tue, Dec 19, 2023
समाज सेवी संस्था मानव सेवा मिशन ने कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों में फुटपाथ पर सोने वाले जरूरतमंदों एवं घुमंतू लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबल का वितरण किया। कोरबा शहर के नये बस स्टैंड, पुराने बस स्टैंड, इतवारी बाजार, रेल्वे स्टेशन और सड़कों पर अपना जीवनयापन करने वाले बेघर, बेसहारा लोगों को रात के अंधेरे में ढूंढ कर मानव सेवा मिशन के सदस्यों ने कम्बल प्रदान कियाl
बालको संयत्र में कार्य करने वाले युवाओं की समाज सेवी संस्था मानव सेवा मिशन के द्वारा कोरबा जिले में पिछले कई वर्षों से अनेक रूपों में सेवा कार्य चलाया जा रहा है। सदस्यों द्वारा ठंड के दिनों में जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए हर वर्ष एक विशेष अभियान चलाया जाता है इसी कड़ी में इस वर्ष का यह पहला अवसर रहा। विगत वर्ष भी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ठंड के समय 500 कंबल का वितरण मानव सेवा मिशन के द्वारा किया गया था।
कंबल वितरण सेवा कार्य में मानव सेवा मिशन के केशव चन्द्रा, अमर पटेल, राजेश धीवर, संजय विजयवर्गीय, कमलेश बोहरपी, दिनेश पृथ्वीकर, योगेश पटेल और लिलेश्वर शर्मा उपस्थित रहे।