: निर्वाचन आयोग ने बदली राजस्थान में मतदान की तारीख
Mukesh Kumar Bharti
Thu, Oct 12, 2023
नई दिल्ली - निर्वाचन आयोग ने राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख बदल दिया है। यह चुनाव पहले 23 नवंबर को होनी थी , अब इसे बदलकर 25 नवंबर कर दिया गया है। राजस्थान में पहले 23 नंवबर को वोटिंग होनी थी. लेकिन इस दिन देवउठनी एकादशी होने के कारण कई लोगों ने तारीख बदलने की मांग की थी। चुनाव की तारीख बदलने की मांग करने वाले लोगों में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अलग-अलग कारोबार से जुड़े लोग , धार्मिक-सामाजिक संगठन के लोग भी शामिल थे। अलग-अलग समूहों द्वारा की जा रही मांग को देखते हुये चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि में बदलाव की घोषणा की। चुनाव आयोग ने पत्र जारी कर चुनाव तारीख में बदलाव की जानकारी दी। साथ ही आयोग ने इस बदलाव के पीछे की वजह बताया कि बताया कि 23 नवंबर को देवउठनी एकादशी है , इस दिन बड़ी संख्या में शादियां होती है। शादी के काम में लगने वाले लोग भी इस दिन व्यस्त होंगे , ऐसे में 23 नवंबर को मतदान का प्रतिशत कम रह सकता था। ऐसे में अलग-अलग लोगों की मांग पर चुनाव आयोग ने 23 के बदले 25 नवंबर को मतदान की तिथि घोषित की है। इसके पहले हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयोग ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिये 23 नवंबर की तारीख तय की थी। चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश , छत्तीसगढ़ , राजस्थान , तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीख घोषित की थी। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में जबकि बाकी के चार राज्यों में एक चरण में चुनाव होगा। इसी कड़ी में अब नई तारीख के हिसाब से 25 नवंबर को राजस्थान में मतदान होगा , जबकि परिणाम उसी दिन 03 दिसंबर को आयेगा जिस दिन बाकी राज्यों के चुनावों की मतगणना होनी है। राजस्थान चुनाव के लिये अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी होगी और उम्मीद्वार 06 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। वहीं 07 नवंबर को नामांकन की जांच होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 09 नवंबर होगी। चुनाव आयोग ने यह भी बताया है कि पूरे राजस्थान में 51756 पोलिंग बूथ बनाये जायेंगे। बताते चलें कि इस समय मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और अशोक गहलोत प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। गहलोत की अगुवाई वाले राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 14 जनवरी 2024 को पूरा हो रहा है। राज्य की 200 सीटों में से 141 सीटें सामान्य की हैं , जबकि 25 सीटें एससी और 34 एसटी के लिये रिजर्व हैं। यहां 5.25 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे , यानि कि राजस्थान में मतदाता- 5,26,80,545 युवा मतदाता- 22,04,514 हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में इस बार भी सत्तासीन कांग्रेस और भाजपा से सीधा मुकाबला रहेगा। पिछले विधानसभा चुनाव में 200 सीटों में कांग्रेस को 99 जबकि भाजपा को 73 सीटें मिलीं थी। उल्लेखनीय है कि इस साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की शुरुआत मिजोरम से होगी। यहां एक चरण में 07 नवंबर को वोट डाले जायेंगे। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 07 नवंबर और 17 नवंबर को चुनाव होंगे। मध्यप्रदेश में एक चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं अब राजस्थान में नई तारीख के साथ एक चरण में 25 नवंबर को वोट डाले जायेंगे। वहीं सबसे आखिरी तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होगी। इन पांचों राज्यों में 03 दिसंबर को मतगणना होगी और 05 दिसंबर तक चुनावी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जायेगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन