: सभी वर्गों के हितों के लिये काम कर रही प्रदेश सरकार - मल्लिकार्जुन खड़गे
Mon, Aug 14, 2023
जांजगीर - भरोसा का सम्मेलन यहां इसलिये हो रहा है क्योंकि जो भरोसा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार ने आपको दिया है उसे पूरा किया। पिछले सत्तर सालों में हमने जो शिक्षा की बुनियाद रखी उसी बुनियाद पर चलकर मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। छत्तीसगढ़ में भिलाई स्टील प्लांट की नीव हमारी सरकार ने रखी। हमारी सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाकर गरीब एवं आम जनता को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराया। यह भरोसे का सम्मेलन इसलिये भी हो रहा है क्योंकि आपके मुख्यमंत्री और उनके नेतृत्व की सरकार ने आपसे जो वादा किया था उसे पूरा किया। छत्तीसगढ़ की सरकार न्याय योजनाओं से समाज के अलग अलग वर्गों को सीधे लाभान्वित करने का काम कर रही है। पूरे देश में इस तरह की यह अपने आप में अकेली योजना है। सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व की सरकार ने जो आपको भरोसा दिया उसे पूरा करके दिखाया। छत्तीसगढ़ सरकार निडर होकर गरीबों , मजदूरों और कमजोर वर्ग के लोगों का उत्थान करने के संकल्प को पूरा करने का कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार न्याय योजना पर बेहतर ढंग से कार्य कर रही है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व की सरकार ने सभी वर्गों के हितों के लिये कार्य किया , किसानों का कर्ज माफ किया।
उक्त बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज जिला मुख्यालय जांजगीर में आयोजित भरोसे के सम्मेलन को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुये कही। उन्होंने कहा आजादी के बाद से हमने एम्स बनाया , स्कूल , कॉलेज , यूनिवर्सिटी खोली। बड़े बड़े कारखाने , टेक्सटाइल यूनिट बनाये , औद्योगिकरण को बढ़ावा दिया। देश को आगे बढ़ाने का काम किया। पंडित जवाहर लाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल ने पब्लिक सेक्टर को मजबूती देने का काम किया। किंतु आज स्थिति बदल रही है। भांगड़ा नागल , हीराकुंड बांध से लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र हमारी सरकार ने बनाया है।जनता को अधिकार संपन्न बना रही हमारी सरकार - सीएम बघेलमुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि मोदी और रमन सिंह ने धान की कीमत केंद्र सरकार द्वारा दिये जाने का झूठ बोलते हैं , लबरा की सरकार थी। हमारी सरकार बनने के बाद राहुल गांधी के किये गये वायदे की सबसे पहले पूरा किया। हमारी सरकार किसानों को चार किस्त में राजीव न्याय योजना की राशि देती है। बीजेपी ने चावल में कमीशन खाया , शौचालय का कमीशन खाया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस जनता को अधिकार संपन्न बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने हर वर्ग के किसान , मजदूर , महिला , गरीब , नौजवान , व्यापारी सबका भरोसा कायम रखा है। मितानिन , आंगनबाड़ी कार्यकर्ता , सहायिका , नगर सैनिक , पुलिस , ओपीएस हमने लागू किया। इसके अलावा 27 प्रतिशत डीए बढ़ाया , पंच -सरपंच - पार्षद सबका मानदेय बढ़ाया , कोई वर्ग ऐसा नहीं था जिसे हमने छोड़ा हो। किसान , मजदूर हमेशा सरकार के साथ खड़े हैं , जनता ने हम पर भरोसा जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज के आस्था के प्रतीक जैतखाम बनाने का काम गांव-गांव में शुरू होगा. सभी समाज के लिये सरकार ने भवन बनाने के जमीन और राशि दी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुये कहा कि 15 साल में 15 सीट में सिमट गई है और अब ईडी-आईटी का सहारा ले रहे हैं। ईडी-आईटी हमारे लोगों को परेशान कर सकती है , लेकिन वोट नहीं दिला सकती। हमारी जनता कांग्रेस को ही जीत दिलायेगी। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर में खुलने वाले मेडिकल कॉलेज के नाम मिनी माता के नाम पर होने की घोषणा की। सम्मेलन को डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव , प्रदेश प्रभारी शैलजा , विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी संबोधित किया।
इसके पहले विभिन्न विभागीय योजनाओं की लगाई गई स्टाल एवं प्रदर्शनी का सभी अतिथियों ने अवलोकन किया। इसमें शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की प्रदर्शनी , रीपा योजना के अंतर्गत गोबर से विद्युत उत्पादन , ग्रामोद्योग योजना के अंतर्गत कोकून से धागा उत्पादन , सिंचाई विभाग के अंतर्गत बांगो डैम, कृषि विभाग के अंतर्गत रागी की खेती की प्रदर्शनी , पर्यटन विभाग के अंतर्गत राम वन गमन पथ शिवरीनारायण की प्रदर्शनी , वन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना , महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के अंतर्गत सुपोषण अभियान आंगनबाड़ी मॉडल पोषण वाटिका का प्रदर्शन , स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना की प्रदर्शनी लगाई गई थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सभी अतिथि भरोसे का सम्मेलन के मुख्य मंच पर पहुंचे। उन्होंने अतिथियों के साथ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण , दीप प्रज्वलित कर एवं राज्य गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे काे शॉल , श्रीफल , नागर देकर और बांस की टोपी पहनाकर स्वागत किया। आज भरोसे के सम्मेलन में जिलेवासियों को 467 करोड़ 32 लाख 92 हजार रूपये के कुल 1043 विकास कार्याे की सौगात दिया गया। इनमें 87 करोड़ 24 लाख 21 हजार रूपये से अधिक के 192 विकास कार्याे का लोकार्पण एवं 379 करोड़ 78 लाख 71 हजार से अधिक रूपये के 851 विकास कार्याे का भूमिपूजन शामिल हैं। जांजगीर में तीन स्थानों कलेक्टर कार्यालय , पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कृषि उपज मंडी परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। भरोसे के सम्मेलन में 627 हितग्राहियों को चिटफंड की 44 लाख 56 हजार रुपये की राशि वापसी का चेक सौंपा गया। इसके साथ ही अन्य हितग्राहियों को भी राशि और सामग्री वितरित की गई। भरोसे के सम्मेलन के दौरान उप मुख्यमंत्री टी०एस० सिंहदेव , विधानसभा अध्यक्ष डॉ० चरणदास महंत , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर , कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रविन्द्र चौबे , महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया , पीएचई मंत्री गुरू रूद्र कुमार , नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया , आबकारी मंत्री कवासी लखमा , राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल , खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत , उच्च शिक्षा , खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल , कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत उपस्थित थे।
: कड़ी कार्यवाही करवाने आईजी डांगी उतरे सड़क पर
Mon, Aug 14, 2023
रायपुर - स्वतंत्रता दिवस पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु असामाजिक तत्वों , संदिग्ध व्यक्तियों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने पुलिस महानिरीक्षक रेंज रायपुर रतनलाल डांगी ने जिला पुलिस को निर्देशित किया था। इसी तारतम्य में दिन भर चले अभियान में विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से एक ही रात में 350000 रूपये समन शुल्क परिशमन किया गया एवं रात्रि में बारह बजे से दो बजे के बीच पुलिस महानिरीक्षक द्वारा स्वयं उपस्थित रहकर नशे की हालत में वाहन चलाने के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्र में चेक पॉइंट लगवा कर कठोर कार्यवाही करवाई गई। इस कार्यवाही में कुल 25 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही कर प्रकरण माननीय न्यायालय भेजा गया। आज दिन भर चले विभिन्न कार्यवाही से असामाजिक तत्वों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों में हड़कंप मचा रहा , वहीं आम नागरिकों में इस कार्यवाही को लेकर दिन भर चर्चा रही और आईजी के द्वारा चलाये गये इस अभियान की भरपूर सराहना हुई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाया गया यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
: किसान सभा की अगुआई में भूविस्थापितों ने किया एसईसीएल कुसमुंडा कार्यालय का घेराव
Sun, Aug 13, 2023
कुसमुंडा (कोरबा)। छत्तीसगढ़ किसान सभा और भूविस्थापित रोजगार एकता संघ द्वारा आज नरईबोध गोलीकांड की 26 वीं बरसी के अवसर इस गोलीकांड में शहीद गोपाल दास एवं फिरतु दास को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा भूविस्थापितों के लिए उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस संकल्प सभा के बाद 40 गांवों के सैकड़ों किसानों ने रोजगार, पुनर्वास और मुआवजा से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर एसईसीएल के कुसमुंडा महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर दिया, जो 10 घंटे तक चला। इस बीच जमकर बारिश भी हुई, तीन बार एसईसीएल प्रबंधन ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी, लेकिन आंदोलनकारी कार्यालय को घेरकर डटे रहे। इधर महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष किसानों के अनिश्चितकालीन धरना के 648 दिन पूरे हो गए हैं और धरना खत्म होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।उल्लेखनीय है कि आज से 26 साल पहले 11अगस्त 1997 को एसईसीएल कुसमुंडा खदान के लक्ष्मण परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का ग्रामीणों द्वारा शांति पूर्ण विरोध किया जा रहा था। विरोध कर रहे ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच शांतिपूर्ण वार्तालाप चल ही रही थी कि एसईसीएल प्रबंधन के इशारे पर पुलिस ने बाहर चुपचाप और निहत्थे बैठे किसानों के ऊपर गोली चला दी थी, जिसमें दो भूविस्थापित गोपाल दास एवं फिरतु दास की मौत हो गयी थी और दर्जनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोलीकांड के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही करने के बजाय गांव के ही निर्दोष 29 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की गई थी। इन दोनों शहीदों की याद में और भूविस्थापितों की मांगों को केंद्र में रखकर किसान सभा हर साल इस दिन संघर्ष और संकल्प सभा आयोजित करती है।घेराव को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला सचिव प्रशांत झा ने किसानों और ग्रामीणों की लाशों पर महल खड़ा करने का स्टॉप एसईसीएल पर लगाया। उन्होंने कहा कि किसान सभा इस बर्बादी के खिलाफ भू विस्थापितों के संघर्ष में हर पल उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि खम्हरिया के किसान 40 वर्षों से जिस जमीन पर खेती-किसानी कर रहे है, उसे एसईसीएल प्रबंधन किसानों से जबरन छीनना चाहती है, जिसका किसान सभा विरोध करती है और उन जमीनों को मूल भूस्वामी किसानों को वापस करने की मांग करती है।किसान सभा के नेता दीपक साहू ने भूमि के बदले पुनर्वास और स्थाई रोजगार की मांग करते हुए कहा कि 40-50 वर्ष पहले कोयला उत्खनन करने के लिए किसानों की हजारों एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन कोयला खदानों के अस्तित्व में आने के बाद विस्थापित किसानों और उनके परिवारों की सुध लेने की सरकार और खुद एसईसीएल के पास समय नहीं है। इसलिए भूविस्थापित किसानों के पास अब संघर्ष के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। भूविस्थापित रोजगार एकता संघ के नेता दामोदर श्याम, रेशम यादव, रघु यादव आदि ने कहा कि भूविस्थापितों को बिना किसी शर्त के जमीन के बदले रोजगार देना होगा और वे अपने इस अधिकार के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे।पिछले दिनों गेवरा कार्यालय के सफल घेराव को देखते हुए इस घेराव को रोकने के लिए कुसमुंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था, फिर भी भू विस्थापित कुसमुंडा मुख्यालय का 10 घंटे घेराव करने में सफल रहे। उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर बिलासपुर सीएमडी द्वारा कोई पहल नहीं किये जाने से भूविस्थापितों में एसईसीएल के प्रति काफी आक्रोश है। यहां छत्तीसगढ़ किसान सभा भूविस्थापितों की समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलनरत है और सितंबर माह में जिले के सभी उद्योगों से प्रभावित भूविस्थापित किसानों को एकजुट कर आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है।