: बालको क्रिकेट प्रीमियर लीग अंबेडकर स्टेडियम में धूमधाम से संपन्न
Thu, Mar 7, 2024
बालकोनगर, 6 मार्च 2024। बालको प्रबंधन की ओर से आयोजित अंतरविभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता बालको प्रीमियर लीग के महिला वर्ग में हॉस्पिटल फीमेल ने शक्ति टाउनशिप टीम को हराकर जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में एसआरएस अश्वथामा और कॉमर्शियल इलेवन संयुक्त रूप से विजेता घोषित किये गए। बालको प्रीमियर लीग में 108 पुरुष और 14 महिला टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुईं। लगभग 45 दिनों तक चले क्रिकेट प्रतियोगिता में बालको अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेका कामगारों, विभिन्न इकाइयों में कार्यरत महिलाएं तथा टाउनशिप की विभिन्न महिला टीमों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में 79 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचकारी मैच में कॉमर्शियल इलेवन को आखिरी गेंद पर 1 रन चाहिए था लेकिन बल्लेबाज शिवम के कैच आउट होने से मैच टाई हो गया। सुपर ओवर में भी मैच का नतीजा नहीं निकल पाने पर बालको के सौहार्दपूर्ण टूर्नामेंट में दोनों टीमों को निर्णायक मंडल द्वारा संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। महिला वर्ग के फाइनल में हॉस्पिटल फीमेल द्वारा 54 रन के जवाब में टीम शक्ति टाउनशिप 34 रन ही बना सकी।
पुरुष वर्ग में कॉमर्शियल इलेवन के खिलाड़ी विष्णु यादव को मैन ऑफ द टूर्नामेंट एवं कुलकित वैष्णव को बॉलर ऑफ द मैच तथा एसआरएस अश्वथामा के सुशील सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। महिला वर्ग में शक्ति टाउनशिप की सोनाली सेनापति को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। हॉस्पिटल फीमेल की डॉ स्मिता प्रसाद को प्लेयर ऑफ द मैच एवं नेहा टोप्पो को बॉलर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता में सभी टीमों को खेल की सराहना करते हुए बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीम भावना, एकजुटता और पारस्परिक सौहार्द्र बढ़ाने के उद्देश्य से खेल स्पर्धाओं का आयोजन महत्वपूर्ण है। कंपनी अपने कर्मचारियों एवं व्यावसायिक भागीदारों के स्वास्थ्य के लिए नियमित विभिन्न खेलों का आयोजन किया है।
बीपीएल के पांचवे संस्करण में बालको के अधिकारी, कर्मचारी, व्यावसायिक भागीदारों और टाउनशिप सहित कुल महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को मिलाकर 1400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिस्पर्धा मैच के अलावा कई सद्भावना मैच जिसमें एल्यूमिनियम सेक्टर की विभिन्न व्यावसायिक इकाई से एचआर युवा प्रतिभाएं शामिल हुए। सीनियर लीडरशिप सीईओ-11 बनाम सीएफओ-11 तथा सीनियर मैनेजमेंट बनाम यूनियन बीच खेला गया मैच पूरे टूर्नामेंट के दौरान मुख्य आकर्षक था। टीमों ने खेल भावना परिचय देते हुए प्रतिस्पर्धा की जिससे संगठन के भीतर सौहार्द और मजबूत हुआ।
--------------------------------------------
: बालको में मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया दाल भात केन्द्र का शुभारंभ
Tue, Mar 5, 2024
बालकोनगर, 04 मार्च, 2024। छ्त्तीसगढ़ शासन में उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने बालको संयंत्र के एलुमिना गेट के सामने कोरबा जिले के पहले अन्नपूर्णा दाल भात केन्द्र का शुभारंभ किया। छ्त्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के अंतर्गत निर्माण, संगठित एवं असंगठित वर्ग के श्रमिकों के लिए 5 रूपये राशि में भोजन की व्यवस्था की गई है। पंजीकृत हितग्राहियों को गरम व पौष्टिक भोजन प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्रम मंत्री श्री देवांगन और बालको के सीईओ राजेश कुमार ने श्रमिकों को भोजन परोसने के बाद उनके साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया। कार्यक्रम में श्रम आयुक्त श्री राजेश आदिले, बालको के अधिकारी तथा श्रमिक संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।
दाल-भात केंद्र का शुभारंभ करते हुए श्रम मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि इस योजना को प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने तत्काल सहमति दी और आज उनके प्रयास से गरीब मजदूरों को किफायती दर में भरपेट भोजन उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से श्रमिकों को काफी लाभ मिलेगा जो कार्य के दौरान अधिक पैसा खर्च नहीं कर सकते हैं उनके लिए यह योजना एक वरदान है। ठेके के माध्यम से पूरे प्रदेश में इस योजना को लागू किया गया है। श्रमिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में 21 स्थानों पर दाल-भात केंद्र प्रारंभ है। अन्य 22 स्थानों पर भी इसका संचालन किया जाएगा। कोरबा जिले में तीन स्थानों पर दाल-भात केंद्र का संचालन होगा जिससे हमारे श्रमिकों को दाल-भात केंद्र के माध्यम से कम कीमत पर पौष्टिक भोजन का लाभ मिलेगा।
बालको के सीईओ श्री राजेश कुमार ने दाल-भात केंद्र का शुभारंभ किए जाने पर छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी श्रमिकों के कल्याण और उत्थान के लिए कटिबद्ध है। देश को विकास की राह में आगे बढ़ाने में श्रमिकों योगदान का बहुमूल्य है। हमारे श्रमवीर अपने परिश्रम से कंपनी के उत्कृष्ट एल्यूमिनियिम के उत्पादन में भरपूर सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से हम इस योजना को अच्छे से चलाएंगे और सभी श्रमिकों को भोजन उपलब्ध कराएंगे।
: बालको अस्पताल ने बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की दवा
Tue, Mar 5, 2024
बालकोनगर, 4 मार्च, 2024। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में हिस्सा लिया। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में 900 से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक दी गई। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने अस्पताल में नन्हे-बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत की। पल्स पोलियो कार्यक्रम में बालको अस्पताल के चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों ने बच्चों को खुराक पिलाई। दवा पिलाने के लिए बालको अस्पताल द्वारा बालकोनगर के 10 विभिन्न स्थानों पर तीन दिन दिवसीय अस्थायी शिविर लगाकर अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। एक चलित मोबाइल वैन की मदद से भी जगह-जगह पोलियो की खुराक दी गई। बालको बस स्टैंड पर भी शिविर लगाया गया जिससे यात्रा कर रहे नन्हें बच्चों को भी दवा की खुराक दी जा सके। 4 एवं 5 मार्च को बालको अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा घर-घर टीकाकरण किया जाएगा।
बालको के 100 बिस्तरों के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल ने अपने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से बालको कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, ठेकाश्रमिकों और स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की पूर्ति पूरी दक्षता से की है। अस्पताल में 10 आईसीयू और 6 पीडियाट्रिक्स आईसीयू बेड मौजूद है जहां गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों का इलाज एमडी मेडिसिन की देखरेख में किया जाता है। बालकोनगरवासियों में एचआईवी एड्स, टीबी एवं अन्य स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार और विभिन्न दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने में बालको अस्पताल के चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों ने सराहनीय योगदान दिया है। बालको अस्पताल से हर साल छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर चांपा जिलों से 2,50,000 से अधिक मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत और राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित समस्त टीकाकरण कार्यक्रमों को बालको अस्पताल में क्रियान्वित किया जाता है।
--------------------------------